बिहार में अब 'फेल' नहीं होंगे बच्चे, मार्कशीट पर लिखा जाएगा कौशल के लिए पात्र
पटना: बिहार में अब 'फेल' नहीं होंगे बच्चे, मार्कशीट पर लिखा जाएगा कौशल के लिए पात्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुआई में बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलाव कर रही है।

पटना/बिहार, आरा न्यूज़वाले ब्यूरो:
बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में एक अहम पहल की घोषणा की गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों की मार्कशीट पर अब 'फेल' शब्द नहीं लिखा जाएगा। इसकी जगह प्रमाण पत्र पर 'कौशल के लिए पात्र' शब्द का इस्तेमाल करने की तैयारी है। शिक्षा विभाग इसके लिए नियमों में बदलाव करेगा और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री के अनुसार, किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक हासिल नहीं कर पाना किसी विद्यार्थी की प्रतिभा या क्षमता को समाप्त नहीं करता। 'फेल' जैसे शब्दों से बच्चों का मनोबल प्रभावित हो सकता है, इसलिए प्रमाण पत्र की भाषा में बदलाव का निर्णय लिया जा रहा है।
मैट्रिक की पूरक परीक्षा वाले छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं
समीक्षा बैठक के दौरान मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की तैयारी को लेकर भी निर्णय लिया गया। ऐसे विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं संचालित करने की बात कही गई है।
इन कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने और उन्हें सफल होने के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना है।
5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह
पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की बात कही गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से 'शिक्षक सहयोग पोर्टल' लॉन्च किए जाने की भी योजना है।
हर जिले से एक शिक्षक को मिलेगा राजकीय पुरस्कार
शिक्षक दिवस समारोह में बिहार के प्रत्येक जिले से चयनित एक शिक्षक को राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षक प्रशिक्षण से जुड़े संस्थानों के शिक्षकों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम में पटना के चयनित 10 मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। डायट, एससीईआरटी और अन्य शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़े शिक्षक भी समारोह का हिस्सा होंगे।
शिक्षा विभाग की योजनाओं की भी हुई समीक्षा
विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और संस्थानों के आय-व्यय की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मार्कशीट पर 'फेल' शब्द की जगह 'कौशल के लिए पात्र' इस्तेमाल करने की व्यवस्था लागू होने के बाद बिहार में परीक्षा परिणामों को लेकर प्रमाण पत्र की भाषा में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, अंतिम व्यवस्था शिक्षा विभाग द्वारा नियमों में संशोधन और आधिकारिक निर्देश जारी किए जाने के बाद स्पष्ट होगी।
पाठकों की राय (0)
इस ख़बर पर पहली राय दें।